लखीसराय में एलपीजी की कमी से इनकार, डीएम बोले– पर्याप्त स्टॉक; जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई

उपभोक्ताओं ने कहा,पिछले करीब 15 दिनों से रसोई गैस के लिए रोजाना डीलर के पास लगा रहे हैं चक्कर,लेकिन अभी तक उन्हें नहीं कराया गया गैस उपलब्ध

अमेरिका,ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के कारण देश के कई हिस्सों से रसोई गैस की किल्लत को लेकर खबरें सामने आ रही हैं। अब इस चर्चा से लखीसराय जिला भी अछूता नहीं रहा है। जिले में भी रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि सरकार और जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है।जिले में रसोई गैस की कथित कमी को लेकर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है।जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की आशंका या अफवाह में आकर गैस का अनावश्यक स्टॉक न करें। जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति की स्थिति सामान्य है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति रसोई गैस का स्टॉक कर ब्लैक मार्केटिंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने यह भी बताया कि जल्द ही सभी गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले में गैस के स्टॉक की समीक्षा की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आपूर्ति बाधित न हो।वहीं जब हमारे संवाददाता ने इंडेन गैस एजेंसी के डीलर से संपर्क करने की कोशिश की, तो डिस्ट्रीब्यूटर के मौजूद नहीं रहने के कारण एजेंसी में उपलब्ध गैस स्टॉक की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।एजेंसी परिसर में मौजूद कुछ उपभोक्ताओं से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब 15 दिनों से रसोई गैस के लिए रोजाना डीलर के पास चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि उन्होंने करीब 10 दिन पहले ही ऑनलाइन रसोई गैस बुक किया था, लेकिन अभी तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब उन्होंने डीलर से इस बारे में बात की, तो उन्हें तीन से चार दिन और इंतजार करने की बात कही गई।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.