दिव्यांग सुभाष की मदद को आगे आए पत्रकार सूरज मौर्य, दिया मानवता का संदेश
जरूरतमंद सुभाष के परिवार को पहुंचाई खाद्य सामग्री, स्थानीय लोगों ने की सराहना
-पत्रकारिता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का दिया संदेश
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur/Chhanbe: कहते हैं पत्रकारिता सिर्फ खबर दिखाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद की मदद करना भी है। इसका उदाहरण पेश किया है छानबे के पत्रकार सूरज मौर्य ने।
भटेवरा गांव निवासी सुभाष पुत्र रामआसरे दोनों हाथों से दिव्यांग हैं। दिव्यांगता के कारण वे मेहनत-मजदूरी नहीं कर पाते, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो रहा था।

दो-तीन दिन पहले जब पत्रकार सूरज मौर्य को इस परिवार की स्थिति का पता चला, तो उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की। शुक्रवार सुबह वे सुभाष के घर पहुंचे और परिवार को खाने-पीने की आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
इस दौरान सूरज मौर्य ने कहा, “समाज में कई गरीब और असहाय परिवार हैं जिन्हें थोड़े से सहयोग की जरूरत है। हम सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार ऐसे परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। दुख की घड़ी में किसी का सहारा बनना ही सच्ची मानवता है।”
स्थानीय लोगों ने पत्रकार सूरज मौर्य के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।
