उपखनिजों के अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध सघन अभियान — 1588 वाहनों पर कार्यवाही, ₹656.18 लाख की वसूली

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर, 29 अक्टूबर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजय कुमार सिंह के निर्देशन में मिर्जापुर जनपद में उपखनिजों के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में उपजिलाधिकारी सदर, चुनार, लालगंज, मड़िहान, खनन अधिकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने लगातार जांच और कार्रवाई की है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर 2025 तक की अवधि में अवैध खनन/परिवहन में संलिप्त 1588 वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई और ₹656.18 लाख की राजस्व क्षतिपूर्ति राशि वसूल की गई है। साथ ही 6 व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

🔹 निर्धारित लक्ष्य से 120% से अधिक राजस्व प्राप्ति

राज्य सरकार द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य ₹23,837.00 लाख के सापेक्ष, माह सितंबर तक ₹11,460.09 लाख की प्राप्ति हुई है, जो मासिक लक्ष्य ₹9,534.77 लाख का 120.19 प्रतिशत है। यह उपलब्धि अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर सख्त नियंत्रण का परिणाम है।

🔹 नए खनन क्षेत्र चिन्हित

जनपद में ईमारती पत्थर (सैंडस्टोन) के 20 और बालू के 10 नए रिक्त क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं जिन्हें जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट में सम्मिलित किया जा रहा है। इससे भविष्य में और अधिक राजस्व प्राप्ति की संभावना है।

🔹 क्रेशर प्लांटों पर कार्रवाई

राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद में स्थित क्रेशर प्लांटों में भंडारित उपखनिजों की जांच की। इसमें लगभग 16 स्टोन क्रेशरों पर ₹496.50 लाख की धनराशि अधिरोपित की गई है, जिनमें से ₹171.00 लाख की वसूली पहले ही की जा चुकी है। नियमों का उल्लंघन करने पर 23 स्टोन क्रेशर स्वामियों पर ₹115.00 लाख का जुर्माना लगाया गया है।

🔹 खनन पट्टाधारकों पर सख्ती

स्वीकृत क्षेत्र से बाहर खनन करने, अवैध ब्लॉक से खनन करने और ईएमएम-11 के सापेक्ष कम मात्रा में खनन करने वाले पट्टाधारकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अब तक उनसे ₹73.00 लाख का राजस्व जमा कराया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन स्वामी, पट्टाधारक या क्रेशर संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर नियंत्रण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.