ऐलनाबाद, 23 नवंबर (एम.पी. भार्गव)।इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है और अपने निर्णयों से यह बात बार-बार साबित भी कर रही है। उन्होंने ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण शुल्क में भारी बढ़ोतरी को किसानों की कमर तोड़ने वाला फैसला बताया।
ट्रैक्टर को “गड्ढा” घोषित कर मिली थी छूट
चौटाला ने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने ट्रैक्टर को ‘गड्ढा वाहन’ घोषित करवाया था, ताकि किसान खेती-किसानी में इसका सहज उपयोग कर सकें और उन्हें किसी तरह के टोल या टैक्स का बोझ न झेलना पड़े।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों के इसी वाहन पर भारी शुल्क थोप दिया है, जो किसान हितों पर सीधा प्रहार है।
1080 से बढ़ाकर 10485 रुपये किया शुल्क
चौटाला ने बताया कि ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण शुल्क पहले 1080 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 10485 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह 10 गुना बढ़ोतरी किसानों की आर्थिक स्थिति को झकझोर देने वाली है।
“किसान और ट्रैक्टर ने कोविड में देश को बचाया”
चौटाला ने कहा कि जिस ट्रैक्टर और किसान ने कोविड महामारी में देश को डूबने से बचाया, उसी पर आज बोझ डाला जा रहा है।
महामारी में जब उद्योग, व्यापार, फैक्ट्रियां सब बंद थीं, तभी कृषि क्षेत्र ही देश की रीढ़ बनकर खड़ा रहा।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच दशकों में किसानों ने अपनी मेहनत और ट्रैक्टर के सहारे कृषि उत्पादन कई गुना बढ़ाया, जिससे देश में खाद्य सुरक्षा संभव हुई और गरीबों को राशन मिल सका।
शुल्क घटाकर 100 रुपये करने की मांग
चौटाला ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसानों का हित चाहती है, तो ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण के लिए मात्र 100 रुपये शुल्क निर्धारित करे, ताकि किसान बेझिझक कृषि कार्य जारी रख सकें और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा बनी रहे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बड़े उद्योगपतियों की पक्षधर है और इसलिए किसानों के दर्द व कठिनाइयों की उन्हें कोई चिंता नहीं है।
