UP Weather Alert: यूपी में बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 26-27 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश और 27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
बताया गया है कि श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर सतर्कता जरूरी है।
26 सितंबर को फ्लैश फ्लड की आशंका
26 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर समेत प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से आकाशीय बिजली और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही नदियों और जलाशयों में जाने या स्नान करने से बचने तथा विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 28 सितंबर से उत्तर प्रदेश में किसी बड़े मौसम अलर्ट की संभावना फिलहाल नहीं है।
