दुर्गापूजा एवं दशहरा के मद्देनजर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर में पैदल गश्त, सुरक्षा पर जोर

बदायूं: आगामी दुर्गापूजा और दशहरा त्योहारों के दृष्टिगत शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आज जिलाधिकारी श्रीमती निधि श्रीवास्तव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शहर के मुख्य बाजारों और व्यस्ततम स्थानों पर पैदल गश्त की। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर अमित किशोर श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी सिविल लाइंस, कोतवाली और महिला थाना की पुलिस बल भी मौजूद रही।

गश्त के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख स्थानों जैसे नवादा चौक, पथिक चौक और अन्य भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान महिलाओं से संवाद कर उन्हें “मिशन शक्ति” से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया गया और निर्भीकता से रहने के लिए जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी उनकी समस्याओं के बारे में बातचीत की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रत्येक दिन फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ थाना पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, शोभायात्राओं और मेलों के दौरान रात्रि में भीड़भाड़ को देखते हुए, विशेष सतर्कता बरतने और पुलिस बल को लगातार गश्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि त्योहार सकुशल, हर्षोल्लास और निर्बाध रूप से मनाया जा सके।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.