सफाई के बहाने महिला से ढाई लाख के जेवर ठग ले गए शातिर
• पहले पायल चमकाकर जीता भरोसा, पानी लेने भेजते ही बाइक से फरार
- रिपोर्ट: मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। कस्बे के वार्ड नंबर 8 में बुधवार दोपहर बर्तन और आभूषण साफ करने के बहाने पहुंचे दो बाइक सवार युवकों ने सुनैना देवी से करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। बताया गया कि आरोपियों ने पहले महिला की चांदी की पायल साफ कर उसका भरोसा जीता। इसके बाद महिला ने उन्हें कान के झुमके और गले की सोने की चेन साफ करने के लिए दे दी। जेवर हाथ में आते ही आरोपियों ने महिला से पानी लाने को कहा। जैसे ही वह घर के अंदर गईं, दोनों आरोपी जेवर लेकर बाइक से फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे। घटना के बाद पास की गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपियों की तस्वीरें कैद हो गईं। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी से की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
