- पंकज झां… ✍️
वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक के बरियासनपुर गांव में ग्रामीणों को वर्षों से झेलनी पड़ रही अंधेरे की समस्या से आखिरकार राहत मिल गई। आजादी के करीब 78 वर्ष बाद गांव के प्रमुख मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लंबे समय से बरियासनपुर-चिरईगांव चौकी मार्ग रात होते ही अंधेरे में डूब जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष पंकज झा द्वारा ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा था। क्षेत्र के ने भी इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाया। यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसके आसपास महादेव पीजी इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय, सरकारी पशु चिकित्सालय तथा चिरईगांव पुलिस चौकी स्थित हैं। इसके बावजूद वर्षों से यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ नव नियुक्त चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा की सक्रिय भूमिका भी इस कार्य में महत्वपूर्ण रही। चौकी का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना और बरियासनपुर-चिरईगांव मार्ग पर व्याप्त अंधेरे की समस्या के समाधान के लिए पहल की। उनके प्रयासों से मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था कराई गई, जिससे अब पूरा रास्ता रोशनी से जगमगा उठा है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों बाद मिली यह सुविधा न केवल आवागमन को सुरक्षित बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को भी नई दिशा देगी। गांव के लोगों ने प्रशासन और चौकी प्रभारी महेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
