6 महीने की गर्भवती पत्नी को पति ने बाल्टी में सिर डुबो-डुबोकर मार डाला, वारदात के बाद हुआ फरार

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी 6 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर बार-बार डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति अमित गुप्ता बताया गया है। जानकारी के अनुसार दोनों की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी के बाद दोनों पंचशील कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। करीब एक महीने पहले ही उन्होंने इस मकान में गृह प्रवेश किया था। बताया जा रहा है कि नेहा छह महीने की गर्भवती थी और अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली थी। नेहा बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी, जबकि अमित उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी है और एक निजी कंपनी में काम करता था।

नियमित रूप से काम पर नहीं जा रहा था अमित काम 

परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि नेहा अपने पति को नियमित रूप से काम पर जाने के लिए कह रही थी, लेकिन अमित काम पर नहीं जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने गुस्से में आकर नेहा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने पहले चुन्नी से नेहा का गला दबाने का प्रयास किया और बाद में पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर कई बार डुबोया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। फोन पर उसने कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और अब आगे जो करना है, वह देख लें। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है और फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

मृतका के जीजा ने बताया कि सुबह से नेहा को कई बार फोन किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ समय बाद उन्हें हत्या की सूचना मिली। जब वे घर पहुंचे तो नेहा मृत अवस्था में मिली। उन्होंने बताया कि अमित अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर नेहा से झगड़ा करता था। परिवार के लोगों का कहना है कि नेहा गर्भवती थी और आने वाले बच्चे को लेकर काफी खुश थी, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मौके पर क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसीपी सराय भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.