दहेज के लिए प्रताङित करने वाला पति पुलिस गिरफ्त में 

ऐलनाबाद, 27 अप्रैल( एम पी भार्गव) ऐलनाबाद थाना पुलिस ने दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब निवासी पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2020 में गांव मौजू खेड़ा ( ऐलनाबाद ) स्थित ढाणी में की थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पति व उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर पीड़िता को गाली-गलौच करने लगे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। स्थिति गंभीर होने पर पीड़िता कुछ समय से अपने मायके पंजाब में रह रही थी।शिकायतकर्ता ने बताया कि बाद में पंचायत के माध्यम से समझौता कर बेटी को ससुराल वापस भेज दिया गया। लेकिन मार्च माह में आरोपी पति का फोन आया कि उसकी बेटी ऐलनाबाद के अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही वह तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई है, जिसके चलते उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।इस मामले में थाना ऐलनाबाद में दहेज उत्पीड़न, मारपीट व मानसिक प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति बलकार सिंह पुत्र रोहताश निवासी मौजूखेड़ा ढाणी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। मामले की गहनता से जांच जारी है, जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.