रामपुर में हर्षोल्लास के साथ मनी होली, हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के साथ खेला गया रंग-गुलाल और फूलों का त्योहार

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर में होली का त्योहार बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में रंग, गुलाल और पानी के साथ लोगों ने जमकर होली खेली। इस दौरान शहर में भाईचारे और आपसी सौहार्द की अनोखी मिसाल भी देखने को मिली, जहां सभी धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

शहर के शहाबाद गेट, सिविल लाइंस, अगापुर, ज्वाला नगर, पुराना गंज, छिपियान, वाल्मीकि बस्ती, पक्का बाग, माला टॉकीज रोड, राधा टॉकीज रोड और शिव सिनेमा रोड समेत लगभग पूरे रामपुर के कई मोहल्लों में लोगों ने मिल-जुलकर होली का त्योहार मनाया। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के साथ रंग और गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया।

कहीं लोग रंग और पानी के साथ होली खेलते नजर आए तो कहीं गुलाल उड़ाकर त्योहार की खुशियां मनाई गईं। वहीं शहर के अंबेडकर पार्क में फूलों की होली का भी विशेष आयोजन किया गया, जहां लोगों ने फूलों से एक-दूसरे का स्वागत करते हुए उत्सव मनाया।

रामपुर में पिछले कई वर्षों से होली का त्योहार हिंदू-मुस्लिम एकता और सौहार्द के साथ मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी शहर में इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लोगों ने मिलकर त्योहार मनाया और एकता व भाईचारे का संदेश दिया। पूरे शहर में होली का रंगीन और उत्सवी माहौल देखने को मिला।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.