हाथरस में सिक्कों का बड़ा जखीरा बरामद: प्रशासन की छापेमारी में 102 कट्टों में मिले हजारों किलो सिक्के, जांच शुरू
हाथरस में प्रशासन ने सिक्कों के कथित बड़े कारोबार पर छापेमारी कर 102 कट्टों में भारी मात्रा में सिक्के बरामद किए। मामले की जांच जारी, वैधता और नेटवर्क की हो रही पड़ताल।
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में शनिवार को प्रशासन ने सिक्कों के कथित बड़े कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर कोतवाली क्षेत्र के नया गंज और हनुमान गली स्थित एक व्यापारी के प्रतिष्ठान एवं आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 102 कट्टों में भरे भारी मात्रा में सिक्के बरामद किए गए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि नया गंज निवासी नवीन समाधिया उर्फ सोनू समाधिया, पुत्र अनूप समाधिया, अपनी दुकान पर बड़े पैमाने पर सिक्कों का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने व्यापारी की दुकान और आवास पर एक साथ छापेमारी की।
दुकान से 12 और घर से 90 कट्टे बरामद
छापेमारी के दौरान दुकान से 12 कट्टे तथा आवास से 90 कट्टे सिक्कों से भरे बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार कट्टों का वजन अलग-अलग था। इनमें लगभग 20 किलो, 30 किलो, 50 किलो, 53.5 किलो और 60 किलो तक के कट्टे शामिल हैं। अधिकांश कट्टों का वजन करीब 60 किलोग्राम बताया गया है।
सिक्कों की गिनती और सत्यापन जारी
कार्रवाई के दौरान एसडीएम राज बहादुर सिंह स्वयं दुकान पर मौजूद रहे, जबकि आवास पर नायब तहसीलदार की निगरानी में सिक्कों की गिनती और सत्यापन की प्रक्रिया कराई गई। बरामद सिक्कों का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
हर पहलू की जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। अब यह जांच की जा रही है कि सिक्कों का उपयोग किसी वैध कारोबारी उद्देश्य के लिए किया जा रहा था या फिर भारतीय मुद्रा के दुरुपयोग अथवा किसी संगठित नेटवर्क से इसका संबंध है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
