गाजियाबाद, फरवरी 2026। Ghaziabad Development Authority (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम दुहाई एवं सैतली में लगभग 20 बीघे में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया।
उपाध्यक्ष महोदय के अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में दिनांक 24.02.2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई अवैध निर्माण तथा बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे विकास कार्यों के विरुद्ध की गई।
प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि संबंधित कॉलोनी का विकास बिना वैध अनुमति एवं स्वीकृति के किया जा रहा था। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने और सूचना दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया, जिसके चलते यह कठोर कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के साइट कार्यालय, अस्थायी निर्माण एवं अन्य अवैध संरचनाओं को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टाफ तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अनधिकृत कॉलोनी को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।
प्रवर्तन जोन-02 की यह कार्रवाई अवैध निर्माण के विरुद्ध जीडीए के सख्त रुख को दर्शाती है। भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रहेगा।
khabre junction
