Sonbhadra: देवउठनी एकादशी पर भगवान जगन्नाथ के स्थायी मंदिर का शिलान्यास
• जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा परिसर, श्रद्धालुओं में उत्साह
रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंदनगर परिसर स्थित रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर प्रांगण में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ जी के स्थायी मंदिर निर्माण के लिए विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति एवं रिहंद पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित हुआ। परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडित शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिला पूजन एवं भूमि पूजन संपन्न कराया। इस दौरान पूरा परिसर भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा।

• मंदिर बनेगा आस्था और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र
समारोह में रिहंद पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एनएस कोरंगा, अपर महाप्रबंधक ब्रजेश कुमार यादव, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष एवं उप महाप्रबंधक जीसी साहू तथा बीएमएस अध्यक्ष राकेश राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी ने बताया कि भगवान जगन्नाथ का स्थायी मंदिर आने वाले समय में श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। शिलान्यास के बाद श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।
