फिरोजाबाद: ऑनलाइन मंगाया जहर, दही और खिचड़ी में मिलाकर पति की कर दी हत्या — डेढ़ महीने बाद हुआ राज़ से पर्दाफाश

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका कर रख दिया। यहां एक पत्नी ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने ही पति की ऑनलाइन ज़हर मंगवाकर हत्या कर दी, और वह भी बेहद शातिराना अंदाज़ में।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पत्नी शशि ने पहले पति सुनील को दही में ज़हर मिलाकर खिलाया। जब उसकी तबियत बिगड़ी, तो उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। मगर अगले ही दिन उसने खिचड़ी में ज़हर मिलाकर दोबारा सुनील को खिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों को यह एक सामान्य मौत लगी, इसलिए बिना किसी संदेह के अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन डेढ़ महीने बाद मृतक की मां ने पुलिस को शिकायत दी कि बहू शशि का व्यवहार पति की मौत के बाद संदिग्ध है। उन्होंने बताया कि उसके चेहरे पर कोई शोक नहीं था और एक पड़ोसी युवक यादवेंद्र अक्सर उसके घर घंटों बैठा रहता है।

इस शिकायत के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। जब जांच के लिए टीम घर पहुंची, तो कमरे से ज़हर की बची हुई पुड़िया बरामद हुई। इसके बाद जब पुलिस ने शशि की वॉट्सएप चैट खंगाली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ — शशि और पड़ोसी यादवेंद्र के बीच प्रेम संबंध थे और इसी वजह से पति की हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस ने शशि और उसके प्रेमी यादवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। यह मामला प्रेम, धोखे और हत्या की खौफनाक साजिश का जीता-जागता उदाहरण बन गया है।

 

 

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.