Mission Shakti: मिशन शक्ति टीम ने दो रास्ता भटकी बच्चियों को परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता की सराहना
Rampur Mission Shakti: मिशन शक्ति अभियान के तहत रामपुर की शाहबाद पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए रास्ता भटक गईं दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों बच्चियों की उम्र 9 और 7 वर्ष है। वे शाहबाद कस्बे के मुख्य बाजार में मिली थीं। महिला सुरक्षा दल ने उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाकर उनकी देखभाल की और परिजनों का पता लगाकर उनसे संपर्क किया।
Mission Shakti: रिश्तेदारी में आई थीं दोनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां मूल रूप से जनपद मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला ईदगाह के पास की रहने वाली हैं। वे शाहबाद कस्बे में अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थीं। इसी दौरान दोनों बच्चियां दुकान से खाने-पीने का सामान लेने के लिए निकलीं, लेकिन वापस लौटते समय घर का रास्ता भटक गईं।
Mission Shakti: महिला सुरक्षा दल ने उपलब्ध कराईं जरूरी सुविधाएं
शाहबाद के मुख्य बाजार में दोनों बच्चियों के मिलने पर थाना शाहबाद का महिला सुरक्षा दल उन्हें स्थानीय थाने लेकर पहुंचा। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने बच्चियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं और उनसे बातचीत कर उनके घर तथा परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
Mission Shakti: फोन पर परिजनों को बुलाकर किया सुपुर्द
जानकारी मिलने के बाद थाना शाहबाद पुलिस ने दोनों बच्चियों के परिजनों से फोन पर संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चियों के लापता होने से परेशान परिजनों ने उन्हें सुरक्षित पाकर रामपुर पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की और धन्यवाद दिया।
