फरीदाबाद: जनता कॉलोनी में फर्जी क्लीनिक पर छापा, बिना डिग्री डॉक्टर गिरफ्तार, भारी मात्रा में MTP किट बरामद

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

फरीदाबाद की जनता कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब स्वास्थ्य विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने मुस्कान क्लीनिक पर अचानक छापेमारी की। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लीनिक में मौजूद दस्तावेजों, इलाज से संबंधित रिकॉर्ड और दवाओं की गहन जांच की।

जांच के दौरान क्लीनिक संचालक पंकज गुप्ता के पास चिकित्सा अभ्यास (प्रैक्टिस) करने की कोई वैध डिग्री नहीं मिली। इसके अलावा टीम को गर्भपात में उपयोग होने वाली प्रतिबंधित एमटीपी (MTP) किट और अन्य प्रतिबंधित दवाएं भारी मात्रा में बरामद हुईं। स्वास्थ्य विभाग ने लगभग 40 एमटीपी किट और अन्य संदिग्ध दवाओं को जब्त कर लिया तथा पंकज गुप्ता को हिरासत में ले लिया।

छापेमारी में शामिल सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी प्रकार के मामले दर्ज हो चुके हैं। कुछ वर्ष पूर्व भी उसके क्लीनिक से एमटीपी किट बरामद हुई थीं और बिना वैध डिग्री एवं लाइसेंस के क्लीनिक संचालित करने के आरोप लगे थे। उन मामलों में आरोपी जमानत पर बाहर था और जमानत मिलने के बाद फिर से क्लीनिक खोलकर मरीजों का इलाज कर रहा था।

मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, इस संबंध में शिकायत सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने छापेमारी की। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा फरीदाबाद जिले में किसी भी झोलाछाप डॉक्टर को लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.