काशी रोपवे सेवा का किराया तय, सफर होगा तेज और सस्ता

वाराणसी। काशीवासियों और पर्यटकों के लंबे इंतजार के बाद सावन माह में वाराणसी में रोपवे सेवा शुरू होने जा रही है। उत्तर प्रदेश शासन ने रोपवे यात्रा के लिए किराया दरें निर्धारित कर दी हैं। इसके तहत यात्रियों को न्यूनतम ₹10 और अधिकतम ₹50 का किराया देना होगा, जबकि “काशी स्मार्ट पास” धारकों को सभी किरायों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

निर्धारित किराया संरचना के अनुसार कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक की पूरी यात्रा ₹50 में की जा सकेगी। वहीं विद्यापीठ से रथयात्रा तक के मार्ग का किराया ₹10 तय किया गया है। काशी स्मार्ट पास धारकों के लिए यह किराया और भी कम होगा, जिसमें कैंट से गोदौलिया तक यात्रा ₹40 तथा विद्यापीठ से रथयात्रा तक मात्र ₹8 में उपलब्ध होगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंट रोपवे स्टेशन पर क्लॉक रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। रोपवे टिकट धारकों को प्रारंभिक दो घंटे तक सामान रखने की निशुल्क सुविधा मिलेगी, जबकि इसके बाद 15 किलोग्राम तक सामान के लिए ₹50 प्रति घंटा शुल्क निर्धारित किया गया है।

रोपवे सेवा शुरू होने से शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव में कमी आने के साथ यात्रियों के समय की बचत होगी। वर्तमान में कैंट से गोदौलिया तक का सफर सड़क मार्ग से 30 से 45 मिनट में पूरा होता है, जबकि रोपवे के माध्यम से यह दूरी मात्र 15 से 16 मिनट में तय की जा सकेगी। इस सेवा से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नागरिकों को भी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का नया विकल्प प्राप्त होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.