बूंदी के सेंट पॉल स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान फॉल्स सीलिंग गिरी, छह बच्चे घायल

बूंदी, 15 अगस्त। राजस्थान के बूंदी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सेंट पॉल स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नवनिर्मित हॉल की फॉल्स सीलिंग का हिस्सा अचानक बच्चों पर गिर गया, जिससे छह बच्चे घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब करीब 250 बच्चे हॉल में बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। अचानक फॉल्स सीलिंग का हिस्सा गिरते ही चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। स्कूल के शिक्षक और स्टाफ ने तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को बूंदी के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हॉल में लगे बड़े पंखों और स्पीकर्स के वाइब्रेशन से फॉल्स सीलिंग के स्क्रू ढीले हो गए थे, जिसके चलते यह हिस्सा गिरा।

गौरतलब है कि इस नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन महज एक सप्ताह पहले हुआ था। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीएम लक्ष्मी कांत मीणा और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

एसडीएम मीणा ने बताया कि घटना में चार बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और एक संयुक्त समिति बनाकर स्कूल का सेफ्टी सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.