निवेश आकर्षण एवं रोजगार सृजन का केंद्र बना नुमाइश मैदान

रामपुर:  उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पनवड़िया स्थित नुमाइश मैदान में जिला प्रशासन द्वारा तीन दिवसीय विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी मेला का आयोजन कराया गया। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल द्वारा प्रदर्शनी स्थल को भव्य रूप देने के लिए अनेक व्यवस्थाएं कराई गयी हैं। प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, महाकुम्भ पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन और मुख्य अतिथिगणों, जनप्रतिनिधियों एवं सभ्रांत व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया साथ ही आमजन भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों और रामपुर के औद्योगिक विकास से प्रभावित होकर 26 मार्च 2025 को उत्तराखंड राज्य के निवेशक विवेक कुमार चौरसिया ने तहसील टांडा में 25 करोड़ की लागत से खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने हेतु उपायुक्त उद्योग मनीष कुमार पाठक एवं उद्यमी मित्र इन्वेस्ट यूपी मलिक सलमान की मौजूदगी में एमओयू हस्ताक्षरित किया।

इस परियोजना के अंतर्गत एक ही स्थल पर धान की मिलिंग, बॉइलिंग, पैकेजिंग, एक्सपोर्ट एवं स्टोरेज आदि की सुविधाएं मिलेंगी। यह रामपुर के त्वरित विकास एवं मुस्तैद कानून व्यवस्था में निवेशकों के विश्वास का जीवंत प्रमाण है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की लाभार्थी आलिया एवं हुनर की पहचान स्वयं सहायता समूह चलाने वाली नाजिया खान ने एक जनपद-एक उत्पाद के तहत अपने पेचवर्क द्वारा निर्मित उत्पाद को उद्योग विभाग के स्टॉल पर लगाया, जिसमें इन तीन दिवसों में उत्पादों की काफी बिक्री हुई और उन्हें ऑर्डर भी मिले। रामपुर के टोपी निर्माता जुनैद अहमद के द्वारा भी विभाग के स्टॉल पर विभिन्न प्रकार की टोपियां प्रदर्शित की गईं, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया और उनकी अच्छी बिक्री भी हुई। जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने भी उनसे दो टोपियां खरीदी।
इस प्रकार मेले में आगंतुकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की खरीदारी का अवसर भी प्राप्त हुआ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.