फरीदाबाद में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर सोनू गोली लगने के बाद गिरफ्तार

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी और अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

देर रात क्राइम ब्रांच की टीम ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बिहार का रहने वाला है आरोपी, दिल्ली में था रह रहा
मामले का खुलासा करते हुए एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि वह फरीदाबाद में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

कई गंभीर मामलों में वांछित है सोनू
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनू के खिलाफ नोएडा में 28 और फरीदाबाद में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर हत्या, लूटपाट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

लोगों को भयमुक्त माहौल देना प्राथमिकता
एसीपी वरुण दहिया ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई असामाजिक तत्व उन्हें परेशान करता है या किसी अपराध की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में भी जांच जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.