Ellenabad, September 4 ( एम पी भार्गव ): शहर के नमस्ते चौक, ममेरा रोड स्थित सत साहेब कबाड़ की दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना 02-03 सितंबर की देर रात की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार प्रार्थी राय साहब पुत्र बिहारी लाल, निवासी वार्ड नं. 12, ऐलनाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोज की तरह 02 सितंबर को शाम करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 03 सितंबर को सुबह 9 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि पीछे की दीवार फांद कर दुकान में रखे 10,000 रुपए नकद और 10-12 गट्टे कबाड़ जिसमें पुराना लोहा, रद्दी, सिल्वर व तांबा शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए है, गायब था।
पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में 03 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों को दुकान में चोरी करते हुए देखा गया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना ऐलनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग नंबर 323 kदिनांक 03.09.2026 धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
