मारपीट कर युवक को घायल करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद ।

Ellenabad, August 12 ( एम पी भार्गव ): ऐलनाबाद थाना पुलिस ने लड़ाई-झगड़े में चोटें मारने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार पुत्र रामकुमार निवासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद तथा बाबू लाल पुत्र अर्जुन दास और राजबीर सिंह पुत्र अर्जुन दास निवासी अरायन, जिला गंगानगर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं।

आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर छह ऐलनाबाद निवासी मांगे लाल ने शिकायत दी थी कि वह अपने भाई सुनील कुमार के साथ मिट्टी के बर्तन फेरी लगाकर गांव-गांव बेचने का काम करता है। अर्जुन परिवार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर उनका विवाद चल रहा था।

पंचायत में उनके पैसे दिए जाने के बाद आरोपित पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा। शिकायत के अनुसार 28 जुलाई को सुनील कुमार फेरी लगाकर घर लौट रहा था। रास्ते में बाबू लाल ने उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। बाद में बाबू लाल, राजबीर, अर्जुन, अनिल और बब्लू लाठी-डंडे लेकर उनके घर के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि बाबू लाल ने सुनील के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। बीच-बचाव करने आए मांगे लाल के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.