ऐलनाबाद में बिजली संकट से उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी – सुरेरा फीडर से जोड़ने की उठी मांग, क्यों कि बिजली के लंबे कट हुए असहनीय, अधिकारी शीघ्र ध्यान दे ।

Ellenabad, September 15 (डॉ एम पी भार्गव): ऐलनाबाद शहर में पिछले कुछ दिनों से बिजली संकट गहराता जा रहा है। शहर की मुख्य बिजली आपूर्ति लाइन को मेहनाखेड़ा फीडर से जोड़ दिए जाने के कारण शहरवासियों को अघोषित व लंबे-लंबे बिजली कटों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि मेहनाखेड़ा फीडर से शहर तक लाइन की दूरी काफी ज्यादा है। लंबी दूरी और भीषण गर्मी के कारण लाइन में बार-बार फॉल्ट आता है और लाइन अधिकांश समय खराब ही रहती है। हालात यह हैं कि कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहती है, जिससे घरों के इनवर्टर भी जवाब दे जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई, व्यापारियों का काम और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है।

हालांकि स्थानीय बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी तत्परता और मेहनत से फॉल्ट ठीक करने का प्रयास करते हैं, लेकिन लंबी लाइन होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। कर्मचारी दिन-रात लगे रहते हैं, फिर भी कटों से निजात नहीं मिल रही।

इससे पहले जब ऐलनाबाद शहर की मुख्य बिजली लाइन सुरेरा फीडर से जुड़ी हुई थी, तब ऐसी स्थिति नहीं थी। उस समय बिजली के कट नाममात्र के होते थे और सिर्फ लाइन की मरम्मत के दौरान ही बिजली बंद करनी पड़ती थी। शहरवासी उस व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट थे।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी नितिन सोमानी ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र व ई-मेल भेजकर अपील की है कि जनहित में ऐलनाबाद शहर की मुख्य बिजली लाइन को पुनः सुरेरा फीडर से ही जोड़ा जाए।

नितिन सोमानी ने कहा कि सुरेरा फीडर से लाइन जोड़ने पर लाइन की दूरी कम होगी, फॉल्ट कम आएंगे और शहरवासियों को बिजली कट से स्थायी निजात मिलेगी। उन्होंने उच्चाधिकारियों से जल्द से जल्द इस पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ऐलनाबाद की जनता को इस भीषण गर्मी में बिजली संकट से राहत मिल सके।

शहरवासियों ने भी नितिन सोमानी की इस मांग का समर्थन किया है और उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द ही शहर की लाइन को वापस सुरेरा फीडर से जोड़ेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.