नशे में टल्ली महिला का मेट्रो स्टेशन पर हंगामा, बिना टोकन एंट्री पर अड़ी

सुरक्षाकर्मी ने रोका तो किया हमला

फरीदाबाद: नशे की हालत में एक महिला ने बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन में शनिवार को खूब हंगामा किया। महिला ने इतनी शराब पी रखी थी कि होश नहीं आया कि वह क्या कर रही है। उसने बिना टोकन के मेट्रो एंट्री पार करने की कोशिश की। मेट्रो स्टेशन पर मौजूद सुरक्षाबलों ने टोकन लेकर एंट्री करने को कहा तो वह उनसे भिड़ गई और महिला सुरक्षाकर्मी से मारपीट करने लगी। इस दौरान महिला सिपाही के चेहरे पर चोट भी लग गई। सुरक्षा बलों ने मेट्रो थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुरक्षाकर्मी की शिकायत पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की है।

महिला ने पी रखी थी शराब

मेट्रो थाने में तैनात सिपाही मनीषा ने दी शिकायत में बताया कि 27 अप्रैल को वह राजा नाहर सिंह बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन पर ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान डीएमआरसी और सीआईएसएफ का स्टाफ आया और बताया कि एक महिला ने शराब पी हुई है और वह हंगामा कर रही है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। महिला से नाम पूछा। उसने अपने आपको दिल्ली निवासी शालू बताया। महिला नशे में थी और बिना टोकन के मेट्रो में सफर करना चाहती थी।

महिला सिपाही ने उसे खूब समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद महिला ने सिपाही के साथ मारपीट की। इससे उसके चेहरे पर चोट आई। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.