राज्य स्तरीय ‘विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047’ सम्मेलन में रामपुर की डॉ. तृप्ति माहौर ने दर्ज की प्रभावशाली उपस्थिति

रामपुर।राजधानी लखनऊ स्थित योजना भवन में 20 नवंबर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन “शिक्षा में नवाचार, प्रगति का आधार – विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047” में रामपुर जनपद के लिए गौरव का क्षण रहा।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ. तृप्ति माहौर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किला रामपुर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, शिक्षा सलाहकार डी.पी. सिंह, नीति आयोग तथा भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल संसाधनों, भविष्य के शैक्षिक मानदंडों, लक्ष्य आधारित शिक्षण, प्रोजेक्ट आधारित अधिगम, तकनीक का बढ़ता उपयोग, कौशल विकास, तथा शिक्षक क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. तृप्ति माहौर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य बच्चों को स्वतंत्र, रचनात्मक और कौशल-सम्पन्न बनाना है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट क्लासरूम, ई-लर्निंग सामग्री, क्षमता-आधारित मूल्यांकन, तथा छात्र-केंद्रित कक्षा प्रक्रियाएँ शिक्षा को अधिक प्रभावी और रोचक बना रही हैं।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी प्रस्तुति और सुझावों की सराहना की। डॉ. माहौर ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्हें इस राज्य स्तरीय मंच पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि डॉ. तृप्ति माहौर वर्ष 2021 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, राज्य स्तरीय ICT पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं तथा NCTE की नेशनल मेंटर के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहा जाता रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.