डोनाल्ड ट्रंप का भारत पर अपमानजनक बयान अस्वीकार्य: कुमारी सैलजा

-देश की गरिमा पर चोट के बावजूद मोदी सरकार मौन क्यों?- सबसे गंभीर और चिंताजनक बात यह है कि इस पूरे प्रकरण पर केंद्र सरकार अब तक मौन बनी हुई है

ऐलनाबाद , हरियाणा 24 अप्रैल: ( डॉ एम पी भार्गव ): सिरसा की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत को ‘नरक’ कहे जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत जैसे महान देश की गरिमा और सम्मान पर सीधा आघात है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मीडिया को जारी एक बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि सबसे गंभीर और चिंताजनक बात यह है कि इस पूरे प्रकरण पर केंद्र की भाजपा सरकार अब तक मौन बनी हुई है। देश के सम्मान से जुड़े इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप्पी साध लेना कूटनीति नहीं, बल्कि कमजोरी और असमर्थता का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विदेश नीति लगातार यह दर्शा रही है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा की मजबूती से रक्षा करने में विफल रही है। आज पूरे देश के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वह कौन सा दबाव या डर है, जिसके कारण प्रधानमंत्री अमेरिका को स्पष्ट और सख्त जवाब देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर तुरंत स्पष्ट रुख अपनाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के सम्मान की रक्षा के लिए ठोस कूटनीतिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि देश की गरिमा सर्वोपरि है और इस पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.