अमृतसर एयरपोर्ट पर डॉग मैक्स को सम्मानित रिटायरमेंट
5 साल तक निभाई वफादार सेवा, बीमारी के कारण समय से पहले विदाईहैंडलर ने “Love you Max” कहकर दी भावुक विदाईCISF ने सलामी देकर किया सम्मान, यादगार बना समारोह
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक भावुक और खास नज़ारा सामने आया, जहां CISF के डॉग स्क्वॉड के वफादार सदस्य मैक्स को पूरे सम्मान के साथ रिटायर किया गया। 1 मई 2026 को आयोजित इस समारोह के दौरान सुरक्षा बल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मैक्स की सेवाओं को याद करते हुए उसे विशेष विदाई दी।
मैक्स का जन्म 10 मार्च 2020 को हुआ था और 3 जुलाई 2020 को वह CISF में शामिल हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उसकी तैनाती अमृतसर एयरपोर्ट पर की गई, जहां उसने करीब 5 साल तक अपनी सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान मैक्स ने उच्च स्तर की सतर्कता, अलर्टनेस और समर्पण का परिचय दिया और एयरपोर्ट की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई। आमतौर पर डॉग स्क्वॉड के सदस्यों की सेवा अवधि लगभग 8 साल होती है, लेकिन गंभीर बीमारी के चलते मैक्स को 5 साल बाद ही रिटायर करना पड़ा।
रिटायरमेंट समारोह के दौरान कई भावुक पल देखने को मिले। मैक्स के हैंडलर हेड कांस्टेबल जगजीत सिंह ने “Love you Max” कहकर अपने साथी को विदा किया, जिससे वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। इस मौके पर डॉग स्क्वॉड के सदस्यों ने मैक्स को सलामी दी, जिसका जवाब मैक्स ने भी अपने अंदाज में सल्यूट करके दिया और सबका दिल जीत लिया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपिंदर सिंह ने कहा कि मैक्स सिर्फ एक डॉग नहीं, बल्कि टीम का एक अहम सदस्य था। उसकी सेवा किसी इंसान से कम नहीं थी। उन्होंने बताया कि CISF अपने हर डॉग को उसी सम्मान के साथ रिटायर करता है, जैसा किसी अधिकारी को दिया जाता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मैक्स की जगह नए डॉग की ट्रेनिंग जारी है, जो जल्द ही अपनी सेवाएं संभालेगा। यह समारोह CISF के लिए गर्व और सम्मान का पल बन गया।
