Fake Milk Racket: एसडीएम शाहबाद ने 350 लीटर मिलावटी दूध किया बरामद
आम के बाग में चल रहा था मिलावट का कारोबार, तीन लोग पकड़े गए; पानी और मिल्क पाउडर मिलाकर तैयार किया जा रहा था नकली दूध और खोया
- खाद्य विभाग ने लिए नमूने, नायब तहसीलदार ने गड्ढे में नष्ट कराया मिलावटी दूध, आरोपियों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
Fake Milk Racket In Shahabad Rampur: रामपुर मे दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन की सतर्कता के बीच शाहबाद में नकली दूध बनाने के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। बुधवार को एसडीएम शाहबाद आदेश कुमार और क्षेत्राधिकारी शाहबाद द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कस्बे के कंस मेला स्थित जयतौली मार्ग पर आम के एक बाग में नकली दूध तैयार करने का मामला पकड़ा गया।
मौके से करीब 350 लीटर मिलावटी दूध बरामद हुआ। इस मामले में तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया है। एसडीएम शाहबाद ने बताया कि क्षेत्राधिकारी के साथ दीपावली के मद्देनजर पटाखों की दुकानों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे।इसी दौरान आम के बाग में संदिग्ध स्थिति में दूध के केन, गाड़ी आदि पाये जाने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो वहां विभिन्न केनों में दूध भरा मिला।
Fake Milk Racket: मिल्क पाउडर आदि मिलाकर तैयार किया जा रहा थानकली दूध
प्राथमिक जांच में सामने आया कि पानी, मिल्क पाउडर आदि मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा था और इसी से नकली खोया बनाने का काम भी किया जा रहा था। मौके से करीब 350 लीटर मिलावटी दूध के अलावा एक पिकअप वाहन, बर्फ, दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया गया। खाद्य अधिकारियों ने बरामद दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

Fake Milk Racket: गड्ढे में नष्ट कराया गया मिलावटी दूध
मिलावटी दूध को आमजन तक पहुंचने से रोकने के लिए नायब तहसीलदार द्वारा मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर बरामद दूध को नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया जाएगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
Fake Milk Racket: त्योहार पर मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती
दीपावली के दौरान दूध, खोया और मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर प्रशासन खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है।
