लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण सहयोग शिविर के प्रभारी पदाधिकारियों द्वारा किया गया, जिसमें शिविर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान चिन्हित शिविर स्थलों पर लगाए गए बैनर, प्रचार-प्रसार, शिकायत काउंटर, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन की प्रक्रिया, पंजी संधारण तथा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही प्राप्त शिकायतों के निवारण की स्थिति का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों से जानकारी लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।
लंबित आवेदनों की सूची बनाकर करें प्राथमिकता से निष्पादन
समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना एवं प्रखंड स्तर पर सेवा समाधान से जुड़े सभी आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो आवेदन लंबित हैं, उनकी अलग सूची बनाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
सहयोग शिविर सरकार की प्राथमिक योजना, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर राज्य सरकार की महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली योजना है। इसकी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर से की जा रही है, इसलिए सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग करने और बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत स्तर पर भी बायोमेट्रिक अटेंडेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई, ताकि कार्य में पारदर्शिता लाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क अधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
