दिव्या युवा मंच का 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन 4 से, महिलाओं को मिलेगा वीरांगना अवार्ड

ऐलनाबाद, 28 मार्च (एम पी भार्गव ): स्थानीय अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच द्वारा आगामी 4, 5 और 6 अप्रैल को यहां के वार्ड 9 की श्री श्याम हवेली में 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए दिव्या युवा मंच के संस्थापक व इंटरनेशनल अवॉर्डी सुभाष चौहान ने बताया कि यह भव्य कार्यक्रम युवा सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में भारत के 20 राज्यों व दुनिया के 7 देशों‌ के लगभग 100 युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने विचार साझा कर सकें और सामाजिक विकास, शांति तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में मिलकर कार्य कर सकें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन 4 अप्रैल, शनिवार को शाम को 6 बजे ऐलनाबाद शहर में चौधरी देवीलाल चौक से लेकर गांधी चौक तक विश्व शांति के लिए पैदल यात्रा निकाली जाएगी। वहीं रविवार 5 अप्रैल को सुबह 6 बजे नशा मुक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए नशे के खिलाफ पंचमुखी चौक से अंबेडकर चौक तक वैश्विक साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। अगले दिन साथ 6 अप्रैल सोमवार को सुबह 6:00 बजे स्थानीय हनुमानगढ़ रोड पर स्थित योग साधना मंदिर में पौधारोपण भी किया जाएगा। चौहान ने बताया कि इस सम्मेलन में महिलाओं को उनके साहस, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रविवार, 5 अप्रैल को शाम 5 बजे “वीरांगना अवार्ड” प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान महिलाओं को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है, जिनमें दिल्ली से ऐलनाबाद तक एसी‌ बस‌ से लाने व ले जाने की सुविधा होगी वहीं उनके ठहरने के लिए एसी रूम व शुद्ध सात्विक भोजन होगा। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को आयोजक संस्था की ओर से टी-शर्ट, बैग, डायरी, सर्टिफिकेट व स्मृति चिन्ह दिया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को 5-7 मिनट का स्पीकर स्लॉट दिया जाएगा जिसमें वे अपने कार्य अनुभव के बारे में जानकारी साझा करेंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन 6 अप्रैल को सभी प्रतिभागियों को आसपास के 2-3 स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ नेटवर्किंग करने और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। यह मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नए विचारों को साझा करने और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने में सहायक होगा। यह आयोजन न केवल युवाओं के लिए बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणादायक साबित होगा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.