DM Pawan Kumar Gangwar: मीरजापुर में विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, जननी सुरक्षा योजना का भुगतान लंबित मिलने पर कार्रवाई के निर्देश
फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर सात खंड विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश, सड़कों और विंध्य तीर्थ विकास परिषद कार्यालय के निर्माण में तेजी लाने को कहा
Mirzapur DM Pawan Kumar Gangwar: जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
DM Pawan Kumar Gangwar: जननी सुरक्षा योजना का भुगतान लंबित मिलने पर डीएम नाराज
जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों का भुगतान लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। इसके बावजूद गर्भवती महिलाओं को समय से योजना का लाभ नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है।
Akshay Sharma: बेटियों की शिक्षा से बदलेगी समाज की तस्वीर और आने वाली पीढ़ियों की तकदीर: अक्षय शर्मा
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित नोडल अधिकारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाए और एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित भुगतान सुनिश्चित कराए जाएं। उन्होंने विकासखंडवार भुगतान की समीक्षा करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

DM Pawan Kumar Gangwar: फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर सात बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि
फैमिली आईडी बनाने के कार्य की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने खराब प्रदर्शन पर सात खंड विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी बीडीओ को ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाकर फैमिली आईडी बनाने का कार्य तेजी से पूरा कराने को कहा। इसके लिए लेखपाल, पंचायत सचिव, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फैमिली आईडी सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है और इसके माध्यम से परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाना है। अगले सप्ताह की समीक्षा में प्रगति में सुधार नहीं होने पर और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
DM Pawan Kumar Gangwar: सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की रैंकिंग की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कम रैंकिंग वाले विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजनाओं और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभागीय कार्यों का स्थलीय सत्यापन स्वयं करें और लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करें। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। समीक्षा बैठक का असर केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कार्यों की प्रगति धरातल पर भी दिखाई देनी चाहिए।
DM Pawan Kumar Gangwar: सड़कों के निर्माण और गड्ढा मुक्ति कार्य में तेजी लाने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान नई सड़कों के निर्माण, गड्ढा मुक्ति अभियान और सड़कों की मरम्मत की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए।
निर्माणाधीन विंध्य तीर्थ विकास परिषद कार्यालय की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थर्ड पार्टी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने को कहा। कार्य में धीमी प्रगति पर उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर यूपीपीसीएल को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
DM Pawan Kumar Gangwar: जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने पर जोर
जल निगम ग्रामीण एवं नगरीय के अभियंताओं को जल जीवन मिशन के अंतर्गत शत-प्रतिशत घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की योजनाओं को सीएम डैशबोर्ड पर कम श्रेणी प्राप्त हुई है, वे समय रहते कार्यों में सुधार करें, ताकि प्रदेश स्तर पर जनपद की रैंकिंग बेहतर हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी बब्बन मौर्य, जिला विकास अधिकारी राजीव सिंह, सभी खंड विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
