ऐलनाबाद, 08 मई( एम पी भार्गव ) : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा शहर की गौशाला रोड स्थित सनातन धर्मशाला में आगामी 30 मई से 03 जून तक श्री कृष्ण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसका समय सायं 7 से रात्रि 10 बजे तक रहेगा । इसी उपलक्ष्य में आज पहली संध्या फेरी का पावन आयोजन किया गया जो ऐलनाबाद में स्थित श्री राम मंदिर से शुरू होकर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री राम मंदिर में संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालूओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर प्रभु महिमा का गुणगान किया तथा भजनों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। फेरी का समापन प्रभु की पावन आरती के साथ हुआ। इस संध्या फेरी के दौरान साध्वी संतोष भारती जी ने शहरवासियों को कथा का संदेश दिया। भारती जी ने शहर की धार्मिक प्रवृत्ति के लोगों से आग्रह किया है कि वह ज्यादा से ज्यादा दिव्य ज्योति जागृती संस्थान द्वारा श्री कृष्ण कथा में पहुंचकर धर्म लाभ कमाए.
