श्रृंगी ऋषि धाम के बेहतर प्रबंधन पर मंथन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम)श्री श्रृंगी ऋषि धाम के समुचित प्रबंधन, संचालन और विकास को लेकर बुधवार को जिला समाहरणालय में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में श्री श्रृंगी ऋषि धाम समिति के साथ अहम बैठक हुई। बैठक में मंदिर की गरिमा बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रृंगी ऋषि धाम न सिर्फ आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान भी है। ऐसे में मंदिर प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समिति के सदस्यों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और समर्पण भाव से करने का निर्देश दिया।

बैठक में मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पूजा-पाठ की सुव्यवस्था और मंदिर की संपत्ति के संरक्षण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि इन सभी बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला पदाधिकारी ने समिति को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी समस्या या सुझाव को समय पर जिला प्रशासन तक पहुंचाने का निर्देश दिया, ताकि उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, रविराज पटेल सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.