जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

आभा आईडी को शत-प्रतिशत सक्रिय करने के निर्देश, कम प्रगति पर सख्त चेतावनी

-ई-सुश्रुत पोर्टल के माध्यम से जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आभा आईडी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आभा आईडी को सक्रिय करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण किया जाए। आभा आईडी की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर एमओआईसी टाण्डा को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों की जांच, डायग्नोस्टिक सेवाएं एवं उपचार संबंधी कार्य ई-सुश्रुत पोर्टल के माध्यम से ही सुनिश्चित कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल आधारित व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा बाहरी दवाएं लिखने जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालयों का रैण्डम निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान रोगी कल्याण समिति के माध्यम से खरीदे जाने वाले उपकरणों एवं अन्य वस्तुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बिना अनुमति खरीद किए जाने के मामलों को गंभीरता से लिया। उन्होंने वरिष्ठ कोषाधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए।
शाहबाद क्षेत्र में अवैध अस्पतालों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सील किए गए अस्पतालों के पुनः संचालित होने के मामले में शाहबाद एमओआईसी से जानकारी प्राप्त की तथा तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय टीवी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निःक्षय मित्रों के माध्यम से पात्र मरीजों को शत-प्रतिशत पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मेडिकल स्टोर्स को भी अभियान से जोड़ते हुए टीवी रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा दीपा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सम्बन्धित एमओआईसी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.