दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 14 से 19 नवंबर तक रहेंगी प्रभावित, यात्री हों सावधान

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने दिल्लीवासियों के लिए एक अहम घोषणा की है। राजधानी को एनसीआर के विभिन्न शहरों से जोड़ने वाली दिल्ली मेट्रो की सेवाएं अगले 5 दिन तक अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। डीएमआरसी के अनुसार, येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं 14 नवंबर की रात से 19 नवंबर तक प्रभावित रहेंगी। जनकपुरी पश्चिम से लेकर आर.के.आश्रम तक मेट्रो सेवाओं में रुकावट आएगी। यह व्यवधान 490 मीटर लंबे खंड पर सिविल कार्य के कारण उत्पन्न होगा।

कब से कब तक बंद रहेंगी मेट्रो सेवाएं?
डीएमआरसी ने बताया कि जनकपुरी पश्चिम और आर.के.आश्रम के बीच 490 मीटर लंबे खंड पर नियोजित निर्माण कार्य के कारण मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। यह व्यवधान 14-15 नवंबर की दरमियानी रात से शुरू होगा और 19-20 नवंबर की दरमियानी रात तक जारी रहेगा। इस दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

समयपुर बादली से जहांगीरपुरी के बीच भी सेवाएं प्रभावित
इसके अतिरिक्त, समयपुर बादली और जहांगीरपुरी के बीच भी मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रात 10:45 बजे से सुबह 7:02 बजे तक इस मार्ग पर मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। इसके तहत समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18-19 और हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशनों पर भी ट्रेन सेवाएं सुबह 7:02 बजे तक नहीं चलेंगी।

यात्रियों को सूचित करने के लिए घोषणाएं
डीएमआरसी ने यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए प्लेटफार्मों और मेट्रो ट्रेनों में आवश्यक घोषणाएं करने का निर्णय लिया है। इन घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को ट्रेन के गंतव्य और प्लेटफार्म से संबंधित जानकारी दी जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हालांकि, इस अवधि के दौरान जहांगीरपुरी से गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर तक येलो लाइन के अन्य हिस्सों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.