Delhi Diwali 2025: पटाखों पर बैन के बीच सीएम रेखा गुप्ता बोलीं—‘जनभावनाओं और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी’

पिछले कई सालों से दिल्ली की दिवाली पर सबसे बड़ी चर्चा पटाखों को लेकर होती है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए राजधानी में पिछले कई वर्षों से पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लागू है। यहां तक कि 1 जनवरी 2025 से दिल्ली में पूरे साल के लिए सभी प्रकार के पटाखों पर बैन लगाया गया है।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने ‘ग्रीन पटाखों’ के निर्माण की अनुमति दी थी, लेकिन उनकी बिक्री और उपयोग पर रोक बनी हुई है। इस मुद्दे पर अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा बयान दिया है, जिसके बाद दिवाली पर पटाखों को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।

दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट में रखेगी पक्ष
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष लिखित रूप से पेश करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार केवल उन्हीं पटाखों की अनुमति देने पर विचार कर रही है, जो पर्यावरण मानकों और सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप हों।
रेखा गुप्ता के अनुसार, यह फैसला जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन साधने का प्रयास है।

सीएम का सोशल मीडिया पोस्ट वायरल
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा—
“दिल्लीवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए, दिल्ली सरकार माननीय सर्वोच्च न्यायालय से निवेदन करेगी कि इस दीपावली पर प्रमाणित ग्रीन पटाखों (Green Firecrackers) के उपयोग की अनुमति दी जाए। हमारा उद्देश्य है परंपराओं का सम्मान करते हुए प्रदूषण नियंत्रण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करना। सभी ग्रीन पटाखे केवल अधिकृत संस्थाओं द्वारा निर्मित और सक्षम विभागों द्वारा प्रमाणित होंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट को यह आश्वस्त करेगी कि सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
“हमारा लक्ष्य है—खुशियों से जगमगाती दीपावली, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण के साथ।”

पर्यावरण मंत्री ने भी दिया संतुलित बयान
कुछ दिन पहले दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा था कि लोगों को पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना त्योहार मनाने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दिवाली केवल धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि यह लोगों की भावनाओं और परंपराओं से जुड़ा एक सांस्कृतिक पर्व है।

क्या हटेगा पटाखों पर बैन?
सीएम रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री के बयानों से यह संकेत मिल रहा है कि दिल्ली सरकार इस बार दिवाली पर पटाखों पर लगे बैन में कुछ रियायतें देने के पक्ष में है। हालांकि अंतिम फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर निर्भर करेगा।
अब देखना यह होगा कि क्या इस बार दिल्लीवासी प्रदूषण रहित लेकिन रोशनी से जगमग दिवाली मना पाएंगे या नहीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.