दो माह से वेतन नहीं मिलने पर श्रमिकों का फूटा आक्रोश, एनटीपीसी गेट पर किया प्रदर्शन
• गेट पास रिन्यूवल और लंबित भुगतान की मांग, प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद मिला जल्द भुगतान का आश्वासन
रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परियोजना के एफजीडी निर्माण कार्य में लगी थर्मेक्स प्राइवेट लिमिटेड के अधीनस्थ कुणाल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के दर्जनों संविदा श्रमिकों ने मंगलवार को लंबित वेतन भुगतान और गेट पास रिन्यूवल की मांग को लेकर प्रशासनिक भवन के सामने विरोध जताया। श्रमिकों सुनील कुमार, गुड्डू, कमलेश सिंह, सुरेश कुमार, संजय, सुदामा सिंह, सियाराम, रमाकांत सिंह, बिनोद कुमार, भगवानदास, अविनेश कुमार, राजकुमार यादव सहित अन्य ने बताया कि अगस्त और सितंबर माह का पारिश्रमिक भुगतान नहीं हुआ है। श्रमिकों का आरोप है कि भुगतान को लेकर संबंधित कंपनियों के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके बाद उन्होंने काम बंद कर प्रशासनिक गेट के सामने एकत्र होकर अपनी मांग रखी।
सूचना मिलने पर संबंधित कंपनी के एचआर और प्रोजेक्ट प्रबंधक मौके पर पहुंचे और श्रमिकों को मंगलवार शाम तक भुगतान का आश्वासन दिया। वहीं एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र वेतन भुगतान कराने की हिदायत दी। प्रबंधन की ओर से कहा गया कि बुधवार तक श्रमिकों का वेतन भुगतान नहीं कराया गया तो इसकी जवाबदेही संबंधित एजेंसी की होगी। प्रबंधन से आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक वापस लौट गए।
