- रिपोर्ट: शिवेंदु शुभम
सोनभद्र (घोरावल): थाना घोरावल परिसर में मंगलवार को साइबर अपराध से बचाव के उद्देश्य से स्कूली बच्चों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फेक लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और साइबर बुलिंग जैसी बढ़ती घटनाओं से सतर्क रहने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चे इंटरनेट का भरपूर उपयोग कर रहे हैं, ऐसे में यह जरूरी है कि वे ऑनलाइन सुरक्षा के बुनियादी नियमों को समझें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
उन्होंने छात्रों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल साझा न करें और पासवर्ड हमेशा मजबूत रखें। साथ ही उन्होंने बच्चों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (cybercrime.gov.in) की जानकारी दी, जहां किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या अपराध की तुरंत शिकायत दर्ज की जा सकती है।
इस कार्यक्रम में सोनांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनांचल जूनियर हाई स्कूल और वीरमती विद्या महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर प्रिंसिपल अंजलि गुप्ता, भाजपा नेता इमरान मंसूरी, मुमताज अली, रोजनी बेगम समेत विद्यालयों के स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
