- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर। ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-5 की सभासद निशा, पत्नी शमीम खां ने रामपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
चार बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप
शिकायत के अनुसार, चपटा कॉलोनी स्थित एक तालाब के आसपास करीब चार बीघा ग्राम समाज की भूमि है। आरोप है कि कुछ दबंग और प्रभावशाली लोग इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर उसकी कटान और प्लॉटिंग कर बेचने का काम कर रहे हैं।

इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी और आक्रोश बताया जा रहा है।
डीएम से जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
सभासद निशा ने अपनी शिकायत में जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि ग्राम समाज की जमीन सार्वजनिक संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा रोका जाना चाहिए।

प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी लोगों की नजर
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत के बाद जिला प्रशासन कब जांच शुरू करता है और अवैध कब्जे के आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।
