कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा का बड़ा बयान: हिसार-घग्गर नाले से प्रभावित किसानों को मिले ₹50,000 प्रति एकड़ मुआवजा

सिरसा। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने आज हिसार-घग्गर नाले के किनारे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने भारी जलभराव और किसानों की तबाही को देखकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को कम से कम 50,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देने की मांग की।

सैलजा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिसार-घग्गर नाले में दरार और भारी बारिश की वजह से हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में हजारों एकड़ धान, कपास और बाजरा की फसलें बर्बाद हो गई हैं। कई ढाणियां खाली करानी पड़ीं, जबकि कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि सब्ज़ियों की फसल भी पूरी तरह से चौपट हो गई है।

गांव गंगवा समेत कई क्षेत्रों में सैकड़ों ढाणियां खाली करानी पड़ीं और ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया।

सैलजा ने संकट के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नालों की समय पर सफाई नहीं की गई, कचरे के जमाव से पानी का बहाव बाधित हुआ और तटबंध कमजोर हो गए। यही वजह है कि यह तबाही हुई।

उन्होंने कहा—“किसानों की मेहनत और आजीविका दांव पर लगी है, ऐसे में 50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है।”

सैलजा ने सरकार से अपील की कि बाढ़ से बचाव के लिए दोनों ओर पक्के मजबूत तटबंध बनाए जाएं, नालों और नहरों की नियमित सफाई व मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि हर मानसून से पहले ऐसी स्थिति न बने।

प्रभावित किसान अब सरकार से तत्काल राहत और स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.