चैत्र नवरात्रि व ईद-उल-फितर को लेकर डीएम-एसएसपी का पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

बदायूं: चैत्र नवरात्रि और आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त की।

अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान लावैला चौक, छः सड़का, सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार और हलवाई चौक जैसे व्यस्त स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में लगातार फुट पेट्रोलिंग की जाए और पुलिस की सक्रियता बनाए रखी जाए। साथ ही त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि रात्रि के समय आमजन की आवाजाही को देखते हुए पुलिस मोबाइल टीमों द्वारा लगातार गश्त की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी त्योहार शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हों।

इस दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली/सिविल लाइंस सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.