फरीदाबाद : प्रदेशभर में चल रही नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में कांग्रेस ने बुधवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघुसचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार, अधूरे विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए डीसी के माध्यम से हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए और कहा कि विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। कांग्रेसियों ने दावा किया कि हाल ही में विकास कार्यों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में खुद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अधिकारियों को फटकार लगाकर भाजपा शासन में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोल दी।
पृथला क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि नगर निगम में शामिल किए गए गांवों में आज तक बुनियादी विकास कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों की पंचायतों की संपत्ति और विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये लिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बदतर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद गांवों में न तो सफाई व्यवस्था सुधरी और न ही सड़कें टिकाऊ बन पाईं। विधायक ने आरोप लगाया कि बिना नालियों और जल निकासी व्यवस्था के सड़कें बनाई जा रही हैं, जिसके कारण नई सड़कें भी जल्द टूट जाती हैं।
दरअसल, मंगलवार को फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और स्थानीय विधायकों की विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक हुई थी। बैठक के दौरान आरएमसी सड़कों की खराब गुणवत्ता और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी।
कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने बैठक में पृथला क्षेत्र की टूटी सड़कों और खराब विकास कार्यों का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों के लोग अब यह कहने को मजबूर हैं कि नगर निगम में शामिल होने से पहले पंचायत व्यवस्था बेहतर थी।
इन्हीं मुद्दों को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में लघुसचिवालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
