दिशा मीटिंग में अधिकारियों को ‘कीड़े पड़ने’ वाले बयान पर भड़के पूर्व विधायक, बोले- भ्रष्टाचार की गाड़ी गंगाजी में बहाओ, हिम्मत है तो कराओ CBI जांच

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

फरीदाबाद : बीते दिन हुई दिशा समिति की बैठक में नगर निगम अधिकारियों और उनके बच्चों को “कीड़े पड़ने” जैसे बयान दिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने भाजपा नेताओं और मंत्रियों पर तीखा हमला बोलते हुए नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों को दी गई फटकार को “राजनीतिक नौटंकी” बताते हुए कहा कि जो लोग आज भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं, वही लोग वर्षों तक नगर निगम में हुए घोटालों पर चुप्पी साधे बैठे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर निगम में 200 करोड़ रुपये के कथित घोटाले हो रहे थे, तब सत्ता में बैठे मंत्री और विधायक आखिर कहां थे।

नीरज शर्मा ने कहा कि जब वह भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे, तब सत्ता पक्ष के नेताओं ने उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की कमाई से आलीशान गाड़ियां खरीदी गईं, विदेश यात्राएं की गईं और जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ।

पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा नेताओं को अगर अपनी ईमानदारी पर भरोसा है तो वे खुद अपनी सरकार को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच सीबीआई या ईडी से कराने की मांग करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम में हुए कथित घोटालों, रेलवे पटरी चोरी, सड़क निर्माण में गड़बड़ी और बिना हस्ताक्षर करोड़ों रुपये के चेक पास होने जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों के साथ सत्ता पक्ष के नेताओं की नजदीकियां जगजाहिर हैं और ईमानदार अधिकारियों को दबाने का प्रयास किया जाता है। नीरज शर्मा ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में भ्रष्टाचार में शामिल लोगों से हिसाब मांगेगी।

पूर्व विधायक ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सत्ता के अहंकार में जनता के पैसों की लूट करने वालों को जनता की अदालत में जवाब देना पड़ेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.