बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर लखीसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, झालमुड़ी तथा मिठाई बांटे
लखीसराय(सरफराज आलम)पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त प्रचंड बहुमत के उपलक्ष्य में आज लखीसराय में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में भव्य विजय जुलूस निकाला गया।
यह विजय जुलूस छोटी दुर्गा स्थान से शहीद द्वार तक पूरे उत्साह, जोश और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक रूप से झाड़ मूढ़ी का वितरण किया गया तथा आमजन के बीच मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया गया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने अपने बयान में कहा कि आज पश्चिम बंगाल की जनता ने उस ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ को चुना है, जिसकी नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखी थी। दशकों तक वामपंथ, कांग्रेस और टीएमसी के कुशासन ने जिस बंगाल को घुसपैठ और तुष्टीकरण की आग में झोंका, वहां की जनता ने अब उन नीतियों को सिरे से नकारते हुए परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि विचारधारा की विजय है। भाजपा बंगाल को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की तरह सुशासन (Good Governance) की दिशा में ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बंगाल की धरती पर अवैध घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होगा।
जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने आगे कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, विकास और जनविश्वास की जीत है। स्वामी विवेकानंद और गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के सपनों का ‘सोनार बांग्ला’ अब साकार होने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने इसे बंगाल के स्वाभिमान की पुनर्स्थापना बताते हुए कहा कि यह जीत हर उस समर्पित कार्यकर्ता की है, जिसने वर्षों तक संघर्ष कर पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक विजय नए भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू,जिला मंत्री हिमांशु पटेल, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास आनंद, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सोनू चन्द्रवंशी, मंटू नटराज, नीरज गुप्ता, गौरी शंकर, संजय बंका, रूपेश कुमार बंटी, मनीष चौरसिया सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
