भाजपा नेता का दावा, महाराष्ट्र के मंत्री ने लोकसभा चुनाव में किया कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन

छत्रपति संभाजीनगर। भाजपा के एक नेता ने महाराष्ट्र के मंत्री अब्दुल सत्तार को निष्कासित करने की मांग की है, आरोप लगाया है कि उन्होंने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में जालना सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन किया था।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को बुधवार को लिखे पत्र में पार्टी की सिल्लोड शहर इकाई के प्रमुख कमलेश कटारिया ने आरोप लगाया कि शिवसेना नेता सत्तार और उनके समर्थकों ने कांग्रेस उम्मीदवार कल्याण काले की मदद की, जिन्होंने जालना में पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल हैं। कटारिया ने दावा किया कि राज्य विधानसभा में सिल्लोड का प्रतिनिधित्व करने वाले सत्तार ने अपने क्षेत्र में (भाजपा उम्मीदवार के) खिलाफ काम किया था, जो जालना लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।

उन्होंने पत्र में आरोप लगाया, “सिलोद में भाजपा का एक बड़ा मतदाता आधार है और सत्तार यहां पार्टी को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं।” भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सत्तार और उनके समर्थकों से नाराज हैं। कटारिया ने लिखा, “हमने पार्टी की खातिर अब तक इसे बर्दाश्त किया है। इस पर फैसला लिया जाना चाहिए और मंत्री को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से बाहर किया जाना चाहिए।”

इससे पहले सत्तार ने दावा किया था कि वह दानवे के लिए काम करते हैं, लेकिन “उनके कुछ लोग” पीछे हट गए क्योंकि उन्हें लगा कि सिलोद निर्वाचन क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनावों में उनका समर्थन वापस नहीं मिलेगा।

About The Author

1 Comment
  1. […] है ,क्योंकि भाजपा आगामी विधान सभा एवं लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी के प्रचार प्रसार को […]

Leave A Reply

Your email address will not be published.