बदायूं। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने बूथ संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का आयोजन शेखूपुर, बिल्सी, बिसौली, दातागंज, बदायूं सदर और सहसवान विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप जैन, विनोद अग्रवाल, डॉ. के.एम. अरोड़ा, रविन्द्र राठौर, बहोरन लाल मौर्य, अनिल पुंडीर, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, हरीश शाक्य समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया।
‘बूथ अध्यक्ष ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत’
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता की नींव बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की मजबूती पर टिकी है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें।
पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि बूथ अध्यक्ष भाजपा संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार होगी और नियमित जनसंपर्क बना रहेगा तो वर्ष 2027 में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर जोर
पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. के.एम. अरोड़ा ने बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र राठौर ने बूथ आधारित संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए पन्ना प्रमुखों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
एमएलसी बहोरन लाल मौर्य और पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल पुंडीर ने कहा कि प्रत्येक बूथ को सेवा, समर्पण और सुशासन का केंद्र बनाकर ही पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन कर सकती है।
2027 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बूथ अध्यक्ष भाजपा के सबसे महत्वपूर्ण सेनानी हैं और पार्टी की जीत का आधार मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर संगठन को सशक्त बनाने और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
सम्मेलन में मौजूद विधायकों और अन्य नेताओं ने भी बूथ अध्यक्षों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और संगठन को और अधिक मजबूत करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
