बिहार: प्रधानमंत्री मोदी ने सिवान में ₹5,900 करोड़ से अधिक की 28 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
सिवान, 20 जून 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सिवान जिले में 5,900 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं रेल, ऊर्जा, जल-स्वच्छता, आवास और निर्यात से जुड़ी हैं, जिनका उद्देश्य राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नई वैशाली–देवरिया रेलवे लाइन का उद्घाटन किया और इस रूट पर एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, पाटलिपुत्र (पटना) से गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के बीच मुजफ्फरपुर और बेतिया होते हुए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी रवाना किया गया, जिससे उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को एक नई दिशा मिलेगी।
‘मेक इन इंडिया–मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए पीएम मोदी ने मढ़ौरा रेल फैक्ट्री में निर्मित उच्च क्षमता वाले आधुनिक लोकोमोटिव को गिनी गणराज्य के लिए रवाना किया। इस लोकोमोटिव में अत्याधुनिक एसी प्रणोदन प्रणाली, माइक्रोप्रोसेसर नियंत्रण, पुनरुत्पादक ब्रेकिंग और एर्गोनोमिक केबिन डिज़ाइन जैसी खूबियाँ हैं।
गंगा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में, प्रधानमंत्री ने ‘नमामि गंगे’ परियोजना के तहत 1,800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) का उद्घाटन किया। साथ ही जल आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य सीवेज प्रोजेक्ट्स के लिए 3,000 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए पीएम मोदी ने 500 मेगावाट घंटे क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) का शिलान्यास किया, जो बिहार के 15 ग्रिड सबस्टेशनों में लगाया जाएगा। यह सिस्टम बिजली कंपनियों को पीक आवर्स में महंगी बिजली खरीदने से बचाएगा और उपभोक्ताओं को विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (PMAY-U) के तहत 53,600 से अधिक लाभार्थियों को पहली किस्त प्रदान की और 6,600 से अधिक पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश समारोह आयोजित कर चयनित लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपीं।
कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्रीगण और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
