मोदी सरकार के खिलाफ दिल्ली में बदलाव रैली 1 सितंबर को, गांव-गांव में नुक्कड़ सभाएं शुरू

भाकपा का जत्था तलवाड़ा खुर्द, मिर्जापुर सहित 6 गांवों में पहुंचा, लोगों को किया जागरूक_

ऐलनाबाद, 24 अगस्त (डॉ एम पी भार्गव): अमेरिका परस्त व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नरेंद्र मोदी सरकार के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल बजाते हुए इसे सत्ता से हटाने के लिए सितंबर में दिल्ली में बदलाव रैली तय की गई है। इस रैली का संदेश देने हेतु जिला पार्टी का एक जत्था गांवों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर रहा है।
जत्थे ने आज तलवाड़ा खुर्द, ठोबरिया, मिर्जापुर, अमृतसर कलां, प्रताप नगर एवं बुढ्ढी मेड़ी में लोगों को संबोधित किया।
वरिष्ठ पार्टी नेता कॉमरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम में भारतीय संविधान का जन्म हुआ है, जिसके आधारभूत स्तंभ संसदीय जनतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद एवं संघीय ढांचा हैं। मोदी सरकार इन सभी को तबाह कर रही है। नई शिक्षा नीति का मकसद शिक्षा को निजी हाथों में सौंप कर उसका भगवाकरण करना है।
जिला पार्टी सचिव प्रीतपाल सिद्धू ने कहा कि यह सरकार रोजगार विहीन विकास के रास्ते पर चलकर बेरोजगारी बढ़ा रही है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई हैं। मोदी सरकार द्वारा संस्थाओं को कमजोर कर सत्ता के केंद्रीकरण पर उन्होंने चिंता जाहिर की।
किसान नेता बलराज सिंह बनी ने कहा कि किसानों से उपजाऊ भूमि छीन कर कॉरपोरेट्स के हवाले करने से कृषि संकट गहरा रहा है। कृषि सब्सिडियां खत्म करके लागत खर्च बढ़ाना अति निंदनीय है।
वक्ताओं ने दिल्ली रैली को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर कॉ. हरदेव सिंह संधू, हरदेव जोश, बलविंद्र सिंह, अमरीक सिंह, नानक चंद, रणजीत सिंह विर्क, पाला सिंह चीमा, दलजीत सिंह, सुखविंद्र रंधावा , सुखदेव सिंह, गुरभेज सिद्धू, बलजीत सिंह, कृपाल सिंह इत्यादि उपस्थित थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.