- रिपोर्ट – इंतज़ार हुसैन
बदायूं। दो दिन पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर में हुए पुजारी की हत्या के मामले में बदायूं पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण पुजारी और आरोपी के परिवार की एक महिला के बीच चल रहा अफेयर था, जिसके चलते नाराज़ होकर साली के पति और उसके भाइयों ने मिलकर पुजारी की हत्या कर दी।
एसएसपी बदायूं ने बताया कि पुजारी का भाई की साली के साथ अवैध संबंध चल रहा था। इसी रिश्ते को लेकर साली के पति और उसके दोनों भाइयों में गहरी नाराज़गी थी, जिसके चलते तीनों ने मिलकर पुजारी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हत्या को लूट का रूप देने के लिए मंदिर से चांदी का मुकुट गायब कर दिया और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तीनों हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने लगातार की गई छानबीन और सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में फैली दहशत और अफवाहों पर भी रोक लग गई है।
